मैनपुरी। नगर में आबादी क्षेत्र में पटाखों की बिक्री और भंडारण रोकने के लिए शनिवार को सीओ ने कोतवाली पुलिस के साथ अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाजार में मंदिर के अंदर पटाखों का जखीरा मिला। पुलिस ने मंदिर से 200 किग्रा पटाखे जब्त कर दुकानदार को हिरासत में ले लिया। दो अन्य स्थानों पर भी बिक्री आबादी क्षेत्र में होते मिलने पर उन्हें भी हिरासत में ले लिया।
शनिवार को सीओ सिटी शैलेंद्र लाल ने कोतवाली पुलिस के साथ नगर क्षेत्र में पटाखों की दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। सीओ घंटाघर के समीप राजकुमार उर्फ राजू की दुकान पर पहुंचे। वहां मंदिर के अंदर परिक्रमा स्थल पर 200 किलो ग्राम पटाखे रखे थे। सीओ ने नाराजगी जताई। पुलिस पटाखे कब्जे में लेकर राजू को हिरासत में ले लिया। सीओ ने कहा कि यदि विस्फोट होता तो मंदिर में बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। मंदिर में पटाखों का भंडारण नहीं किया जा सकता।
सीओ ने पुलिस के साथ नगर क्षेत्र में अन्य स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। उन्होंने आबादी क्षेत्र में पटाखों की बिक्री करने पर मोहन और शाहरुख को भी हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी ने बताया कि संबंधितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आबादी क्षेत्र में पटाखों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।