कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम में शुक्रवार की देर रात पूर्व सैनिक की दुकान से चोरों ने राइफल और नकदी चुरा ली। वहीं पास स्थित भैरों बाबा के मंदिर से दानपात्र आदि सामान भी चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
गांव औडेंय पडरिया निवासी पूर्व सैनिक अनिल चौहान गांव स्थित भैरों बाबा मंदिर के समीप ही खेत में बने मकान में रहते हैं। मकान के नीचे बनी दुकान में पूजा-पाठ की सामग्री और प्रसाद बेचते हैं। शुक्रवार की रात सीढी के रास्ते चोर उनके मकान में दाखिल हुए और उनकी चारपाई पर रखी दुकान की चाबियां उठाकर सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर आए। इसके बाद चोरों ने दुकान का ताला खोलकर उसमें रखी करीब चार हजार की नकदी और लाइसेंसी राइफल चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने भैरों बाबा के मंदिर को निशाना बनाया। चोर वहां से दानपात्र और अन्य सामान ले गए। शनिवार करीब चार बजे जागने पर अनिल को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और चोरों व सबूतों की तलाश में डॉग स्क्वैड भी काफी देर तक लगे रहे। मकान, शटर और सीढ़ियों से चोरों के फिंगरप्रिंट भी लिए गए। शहर कोतवाल ने बताया कि चोर पूर्व सैनिक की राइफल चोरी कर ले गए हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की माल बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।