कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवध नगर में मंगलवार सुबह स्कूटी से दुकान जा रहे व्यापारी के पुत्र से बाइक सवार बदमाशों ने नकदी और चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस भी औपचारिकता कर वापस लौट गई। पीड़ित ने तहरीर दी है।
मोहल्ला छपट्टी निवासी स्वतंत्र मोहन गुप्ता की लेनगंज में वारदाना की दुकान है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पुत्र निखिल स्कूटी से दुकान खोलने के लिए जा रहा था। बाइक जब मोहल्ला खरगजीत नगर स्थित आलोक मेमोरियल स्कूल के समीप पहुंची। तभी अपाचे पर सवार दो बदमाशों ने पीछे से गाली देते हुए ओवरटेक कर रोक लिया। उतरते ही दोनों बदमाशों ने तमंचा कनपटी पर सटाकर गले में जेब में रखी हजारों की नकदी, सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार वहां से भाग गए। पीड़ित ने शोर मचाया तो वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण और पीड़ित से जानकारी लेने के बाद पुलिस थाने लौट गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महिला से ठगी
कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मार्केट के समीप निवास कर रही आशा गुप्ता ठगी का शिकार हो गई। वह सुबह लेनगंज बाजार से गुजर रही थीं। तभी एक व्यक्ति ने उन्हें झांसा देकर कान में पहने कुंडल, कंगन आदि जेवर उतरवा लिया। उन्हें बातों में उलझाकर वहां से गायब हो गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।