मैनपुरी। केंद्र सरकार के बजट में युवाओं के लिए क्रिएटिव लैब और छात्राओं के लिए छात्रावास की सुविधा का प्रावधान किया गया है। सरकार की ओर से डिजिटल क्षेत्र में युवाओं को दक्ष बनाकर रोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएंगे। इससे प्रतिभावान युवाओं को नए आयाम मिलेंगे। वहीं, छात्रावास बनने के बाद छात्राओं को सुरक्षा के साथ बेहतर शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026-27 में युवाओं के लिए क्रिएटिव लैब और छात्राओं के लिए छात्रावास की घोषणा की गई है। जनपद में बड़ी संख्या में युवा डिजिटल क्रिएटर बनकर आर्थिक रुप से समृद्ध बन रहे हैं। बजट में क्रिएटिव लैब के जरिये युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वहीं, बजट में छात्राओं के लिए प्रत्येक जनपद में छात्रावास बनाने का ऐलान किया गया है। इससे छात्राओं में खुशी दिखाई दे रही है।
प्रत्येक जनपद में छात्रावास बनाने की घोषणा बेहतर निर्णय है। इससे छात्राओं को सुरक्षा के साथ शिक्षा ग्रहण करने में आसानी होगी। क्रिएटिव लैब से युवाओं को प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। - संगीता, आवास विकास कॉलोनी
आज महिलाएं हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही हैं। छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार के बजट में छात्रावास की घोषणा सराहनीय कदम हैं। इससे छात्राएं सुरक्षित स्थान पर रहकर शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। - निभा शर्मा, मोहल्ला छपट्टी
युवाओं के लिए डिजिटल दुनिया में अपार संभावनाएं हैं। क्रिएटिव लैब बनाकर सरकार क्रिएटरों की प्रतिभा को निखारने का काम करेगी। इसके साथ ही उनकी अन्य प्रतिभा को भी नया आयाम मिलेगा। सोशल मीडिया के माध्यम से ऊंचाइयाें तक पहुंच सकेंगे। - कोमल, करहल रोड