बरनाहल। गांव फूलापुर में घर में सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या की घटना का खुलासा होने में अब कुछ ही घंटे बाकी हैं, मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, वहीं, अन्य की तलाश में सोमवार दिन भर पुलिस दबिश देती रही। एसपी ग्रामीण ने भी थाने में कैंप किया, उनका कहना है कि अहम जानकारियां मिलीं हैं, जल्द ही दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
थाना क्षेत्र के गांव फूलापुर के रहने वाले किसान महेश चंद्र और पत्नी अनीता के शव बीते मंगलवार की सुबह घर के अलग-अलग कमरों में चारपाई व तख्त पर पड़े मिले थे। दोनों की हत्या सिर में गोली मार कर की गई थी। इस घटना के बाद डीआईजी शैलेश पांडेय ने भी गांव पहुंच कर जानकारी ली, साथ ही पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। हत्या और लूट के बीच गुत्थी को सुलझाने के लिए पांच से अधिक टीमों को लगाया था।
मिली जानकारी के अनुसार दंपती की हत्या करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस के सामने अपने अपराध को भी कबूल कर लिया है, हालांकि पुलिस अभी गिरफ्तारी व खुलासे आदि को लेकर कुछ भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे रही है। एसपी ग्रामीण का कहना है कि अहम जानकारियां मिली हैं, उन पर काम चल रहा है। पुलिस जल्द ही दोहरे हत्याकांड का खुलासा करेगी।