मैनपुरी बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर वकीलों के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं। दीवानी परिसर में वकीलों के दोनों गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर गाली-गलौच और मारपीट हुई। पीएसी ने जैसे तैसे मामले को शांत कराया। चुनाव प्रक्रिया जारी रहने तक दीवानी परिसर में पीएसी तैनात कर दी गई है। मारपीट के मामले में दोनों गुटों की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
शनिवार को दीवानी परिसर में वकीलों के एक गुट द्वारा जहां नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई तो दूसरे गुट ने वकीलों से सदस्यता शुल्क जमा करने का अंतिम दिन निर्धारित किया था। दोपहर के समय चुनाव को लेकर वकीलों के दोनों गुट आमने-सामने आ गए। गाली-गलौच के बाद अचानक दोनों गुटों के वकीलों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में दोनों गुटों की ओर से जमकर लात-घूंसे और डंडे चले। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने जैसे तैसे वकीलों को शांत कराया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर एसएन यादव और सीओ सिटी बीपी सिंह ने वकीलों के दोनों गुटों से बातचीत की। मारपीट के बाद वकीलों के किसी गुट ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। एसडीएम ने बताया कि जब तक बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया जारी रहेगी तब तक दीवानी परिसर में पीएसी तैनात रहेगी। बताया जा रहा है कि कुछ वकील दोनों गुटों के मध्य समझौते के प्रयास में जुट गए हैं।