फोटो 23 राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी। संवाद
मैनपुरी। शहर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पर आज दो पालियों में हाईस्कूल इंप्रूवमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा की निगरानी के लिए स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुबह की पाली में हाईस्कूल और शाम की पाली में इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के दो विषयों में फेल छात्र-छात्राओं से इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन मांगे थे। जिले में हाईस्कूल इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए 211 और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए 192 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। परिषद ने शहर के आगरा रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि हाईस्कूल के सभी विषयों के लिए सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, इंटरमीडिएट के सभी विषयों के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा कराई जाएगी। छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय से आधा घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को अपने साथ प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य होगा।
-
रमन मिश्रा सेक्टर मजिस्ट्रेट किए गए नियुक्त
परीक्षा की निगरानी के लिए राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार को केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही खंड शिक्षाधिकारी मैनपुरी दीपक कुमार को स्टेटिक मजिस्ट्रेट और जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक ने निगरानी के लिए एक सचल दल भी नियुक्त किया है।