मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में लालो भैया की मजार पर सोमवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष इबादत और चादर चढ़ाने पहुंचे थे। झगड़े में तीन लोग घायल हुए, जिनमें दो के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
हाथरस जिले के थाना सैफऊ क्षेत्र के मानिकपुर गांव के शाहरुख खां, पिता दिलदार खां, परिवार के साथ मजार पर पहुंचे थे। इसी दौरान उनके भाई की पत्नी सबीना बेगम नल से पानी भर रही थीं। आरोप है कि आगरा जिले के भंडारगढ़ी गांव के हनीफ, इरफान और रेहान ने उनसे अभद्रता की। विरोध करने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
शाहरुख के मुताबिक, हमले में परिवार के दो लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे फैजल खां के साथ भी मारपीट हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मारपीट के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। किशनी थाने के प्रभारी निरीक्षक गगन गौड़ ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।