लगातार तीसरे दिन भी शुक्रवार शाम चली धूलभरी तेज आंधी से किसानों के चेहराें पर चिंता की लकीरें उभरने लगी हैं। खेतों में रखे गेहूं के बोझ किसानों को परेशान किए हैं। आंधी आते ही तार टूटने और आगजनी की आशंका को देखते हुए जिले भर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई।
शुक्रवार की शाम अचानक धूल भरी आंधी चलने लगी। तेज हवाओं तथा धूल भरी आंधी से बचने के लिए लोग इधर उधर भागने लगे। धूलभरी तेज आंधी के बीच बिजली विभाग ने गेहूं की कटाई तथा खेतों में रखे गेहूं के बोझों की सुरक्षा को देखते हुए जिले भर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। बिजली बंद होते ही बाजार में दुकानदारों ने दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं।
बुधवार तथा गुरुवार की देर शाम भी आई तेज आंधी से पूरे जिले की बिजली गुल हो गई थी। अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव ने बताया धूलभरी तेज आंधी से तार टूटने तथा आग लगने की आशंका के चलते किसान को होने वाले नुकसान को देखते हुए पूरे जिले की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। आंधी थमने के बाद ही आपूर्ति चालू की जाएगी। तेज आंधी से दो दिन में देहात में बिजली विभाग को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है।
दूसरी ओर, भीषण गर्मी के चलते लोग परेशान हैं। अधिकतम तापमान 40.8 और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सीएमएस डा. एके उपाध्याय ने कहा है कि भीषण गर्मी के चलते संक्रामक रोग फैल रहे हैं। ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है।