अवशेष कार्य पूर्ण गुणवत्ता और मानक के अनुसार निधारित समय में पूर्ण करें। लोहिया गांवों को सभी मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त किया जाए। इंदिरा, लोहिया आवासों का निर्माण गुणवत्ता, मानक के अनुसार तत्काल पूर्ण कराया जाए। यह निर्देश संयुक्त आयुक्त आगरा मंडल ने समीक्षा बैठक में दिए।
गुरुवार को विकास भवन के अंबेडकर सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संयुक्त आयुक्त निशा गोयल ने कहा कि लोहिया आवास निर्धारित डिजाइन के अनुसार नहीं बन रहे हैं। स्वच्छ शौचालय निर्माण में दोयम दर्जे की ईंटों का प्रयोग, निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। शौचालयों का निर्माण कार्य टेक्नीशियन के सुपरविजन में कराया जाए। अवशेष लोहिया ग्रामों को प्राथमिकता के आधार पर संतृप्त कराया जाए। धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद अभी तक 60 प्रतिशत आशाओं के मानदेय का ही भुगतान किया गया है। अनटाइल्ड फंड के व्यय की स्थिति खराब है।
पीसीपीएनडीटी के तहत अल्ट्रासाउंड सेंटरों का निरीक्षण तो किया तो प्रगति शून्य मिली। अंधता निवारण में प्रगति खराब है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कंप्यूटरीकृत की प्रगति 91 प्रतिशत मिली। 50 लाख से अधिक लागत से निर्माणाधीन पतारा मोड़ से दूंदपुर, मढ़ैेया शंकरपुर होते हुए गदनपुर मार्ग, जसवंतपुर से नगला डाल होते हुए हरचंदपुर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण है पर धनराशि कम व्यय की गई है। कर-करेत्तर राजस्व वसूली में विद्युत देय में आठ, मनोरंजन कर में 11, नगर निकाय में 12, आबकारी में 13, वाणिज्य कर, स्टांप रजिस्ट्रेशन में 14-14 प्रतिशत की गई है। बैठक में एडीएम राकेश कुमार मालपाणी, डीडीओ जेएन कुरील, पीडी विजय यादव, अर्थ एवं संख्याधिकारी बीएस यादव, आचार्य टीईपी सेंटर जेके त्रिवेदी आदि मौजूद थे।