मैनपुरी। कुचैला क्षेत्र के अकबरपुर के रहने वाले किसान से पट्टे की जमीन नापजोख कराकर कब्जा दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले लेखपाल को बृहस्पतिवार शाम को एंटी करप्शन की टीम सदर तहसील से रुपयों के साथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम लेखपाल को साथ लेकर देर शाम दन्नाहार थाने पहुंची जहां उससे पूछताछ कर रही है।
थाना दन्नाहार के अंर्तगत कुचैला क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी सचिन को अपनी पट्टे की जमीन की नाप कराकर कब्जा लेना था। इसके लिए उन्होंने सदर तहसील के कुचैला क्षेत्र में तैनात लेखपाल अवध बिहारी से संपर्क किया। लेखपाल ने किसान से उसका काम करने के नाम पर 15000 की मांग की।
किसान ने करीब 5 दिन पूर्व इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल पर नजर रखी। बृहस्पतिवार को किसान ने लेखपाल से बात की। लेखपाल ने उसे 5 बजे के बाद तहसील में बुलाया। यहां पहुंच कर किसान ने लेखपाल को 15000 रुपये थमाए इसी दौरान एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल को मौके से ही रुपयों के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया और उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर आगरा रोड की ओर ले गए।