मैनपुरी। जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव की मतगणना आज सुबह आठ बजे से सभी नौ केंद्रों पर प्रारंभ होगी। मतपेटिकाओं में बंद जिले के 4543 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। किसी के घर में दीवाली की खुशियां दोगुनी होंगी वहीं कइयों को मायूसी हाथ लगेगी। प्रशासन ने तैयारियों को देर शाम अंतिम रूप दिया। मतगणना की हर टेबल पर कैमरों को तैनात किया है ताकि गणना कार्मिकों के साथ एजेंटों की हर गतिविधि कैद हो सके।
शनिवार को ब्लाक सदर में एसडीएम एसके सोनी और सीओ सिटी शैलेंद्र लाल ने मतगणना की व्यवस्थाएं परखीं। वहां निर्वाचन अधिकारी पीसी विश्वकर्मा से विस्तार से जानकारी ली। कहा कि मतगणना कार्मिक निर्भीक होकर काम करें। कार्य पूरी पारदर्शिता से किया जाए। एसडीएम ने कुरावली के मतगणना स्थल देवनागरी इंटर कालेज का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। विकास खंड सुल्तानगंज की मतगणना एनडी कालेज भोगांव में होगी। वहीं ब्लाक बेवर की मतगणना आदर्श जनता इंटर कालेज बेवर में होगी।
एसडीएम भोगांव एमपी गुप्ता और सीओ तेजपाल सिंह ने दोनों मतगणना केंद्रों का जायजा लिया। स्ट्रांग रूम समेत समस्त कक्षों में व्यवस्थाएं देखीं मतगणना स्थल पर बेरीकेडिंग, बिजली की व्यवस्था, लाउडस्पीकर तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम को व्यवस्थित ढंग से करने के लिए निर्देश दिए। देर शाम तक मतगणना स्थल पर व्यवस्थाएं चौकस कर दीं गईं। एसडीएम ने कहा कि मतगणना स्थल के अंदर केवल ऐजेंट ही जा सकेंगें।
घिरोर ब्लाक क्षेत्र की मतगणना दयानंद इंटर कालेज पर होगी। परियोजना निदेशक विजय कुमार यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सत्यप्रकाश सिंघल ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। मतगणना आठ कक्षों में होगी। प्रत्येक कक्ष में दो-दो टेबलें लगाई गई हैं।
इस मौके पर एसडीएम रामचंद्र यादव, आरओ पीके सिंघल, बीडीओ अब्दुल माजिद मौजूद थे। करहल की मतगणना जैन इंटर कालेज में होगी। एसडीएम विजय प्रताप ने व्यवस्थाएं परखकर आवश्यक निर्देश दिए। किशनी में मतगणना रामसिंह महाविद्यालय में होगी। शनिवार को डीएम चंद्रपाल सिंह और एसपी राकेश शंकर ने स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की व्यवस्थाएं देखीं। दोनो अधिकारियों ने सीओ टीपी सिंह तथा थानाध्यक्ष को कल होने वाली मतगणना को लेकर सतर्क रहने के साथ पीएसी बल के साथ कांबिंग करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मतगणना निष्पक्ष होगी मतगणना के बाद जीते हुए व हारे हुए प्रत्याशी शांति से अपने घर जाएंगे। मतगणना के दौरान व बाद में शांति व्यवस्था को खराब करने वाले लोग किसी भी प्रकार से बक्से नहीं जाऐंगे।