आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर तीन अक्तूबर से प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन एक माह तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। एसोसिएशन की अध्यक्ष ने पदाधिकारियों के साथ इस संबंध में डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया है।
ज्ञापन में कहा है कि एसोसिएशन की प्रदेशीय कमेटी तथा सरकार के बीच हुई समझौता बैठक में मानदेय में मामूली वृद्धि, सरकारी कर्मचारी घोषित करने, मांगों के लिए एक आयोग/कमेटी बनाने, एक माह में रिपोर्ट के आधार पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। सरकार के आश्वासन के बाद संगठन ने एक माह तक के लिए आंदोलन स्थगित करने की घोषणा कर दी है।
तीन अक्तूबर से आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकायें नियमित रूप से काम करेंगी। इस मौके पर संगठन की जिलाध्यक्ष सरिता शाक्य, मीरा यादव, विमलेश चौहान, मंजू चौहान, सुनील कुमार, नीलम, सुमन, रिचा दुबे, साहीन, रेहान परवीन, शशीकला आदि मौजूद थीं।