ग्राम मक्खनपुर के पास सिरसागंज की ओर से आ रही एक मारुति वैन सामने से आती बाइक से टकरा गई, बाद में असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ में जा घुसी। इससे पेड़ के नीचे बैठे एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है।
सोमवार सुबह 10 बजे के लगभग एक मारुति वैन सिरसागंज की तरफ से करहल आ रही थी। वहीं करहल की ओर से एक बाइक जा रही थी। जैसे ही तेजगति में वैन बाबूराम यादव डिग्री कालेज के समीप ग्राम मक्खनपुर के निकट पहुंची, तभी सामने से आती बाइक को बचाने के चक्कर में वैन चालक संतुलन खो बैठा और बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े पेड़ से वैन जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पेड़ के नीचे बैठे ग्राम मक्खनुपर निवासी देवीदयाल (58) की मौके पर ही मौत हो गई। वैन की पांचों सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों लोग भी घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को वाहन से निकाला गया। इसी बीच थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।