थाना किशनी क्षेत्र के भीखपुरा में भाजपा को वोट देना ठाकुरों को मंहगा पड़ा। ट्रैक्टर से आए सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा को वोट देने पर गालीगलौज करके लाठी डंडों से पिटाई कर दी। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
मंगलवार को भीखपुरा में लोग गांव में मोहन सिंह के मकान के पास दोपहर दो बजे बातचीत कर रहे थे। बघौनी निवासी सपा समर्थक समोध यादव, करू यादव, सुरेश यादव, पप्पू यादव ट्रैक्टर ट्राली से बघौनी के 25-30 लोगों के साथ भीखपुरा आए। मोहन सिंह के दरवाजे पर पहुंचकर ठाकुर समाज द्वारा भाजपा को वोट देने की बात कहकर गालियां देते हुए लाठी डंडों से मारपीट की। शोरगुल सुनकर गांव के अन्य लोगों को आते देख आरोपी भाग गए। धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो गांव में आग लगाकर सबक सिखा दिया जाएगा। पीड़ित मोहन सिंह, मनोज कुमार सिंह, अजीत सिंह, जगदीश सिंह, रघुवीर सिंह, नंदेश सिंह ने कुसमरा चौकी पर पहुंचकर घटना के संबंध में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बघौनी पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ भोगांव राजपाल सिंह का कहना है उनकी जानकारी में मामला नहीं है। पीड़ित की तहरीर पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।