मैनपुरी के शहर कोतवाली के गांव अस्यौली में दूल्हा और बरातियों को पीटने के मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। हालांकि लूटपाट करने के आरोप रिपोर्ट से गायब हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवाकर केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के गांव अस्यौली में शनिवार को ममता देवी की बेटी की बरात पानीपत, हरियाणा से आई थी। रात के समय जब बराती पंचायत घर पर थे, तभी गांव के अराजक तत्वों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए पिटाई की थी।
इतना ही नहीं दूल्हे को भी गाड़ी से निकाल कर पीटा गया था। सूचना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और निगरानी के बीच विवाह की रस्म पूरी कराई। दुल्हन के भाई का कहना है कि उन्होंने अपनी इकलौती बहन की शादी धूमधाम से की।
भाई ने कहा कि इस बात को लेकर आरोपी जलन मान रहे थे। उन्हें शादी में भी नहीं बुलाया था। इसी वजह से बरातियों और दूल्हे को पीटा गया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है, इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ रविवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
भाई ने बताया कि सोमवार को जब वह थाने पहुंचे तो उनसे लूट का आरोप हटाने के लिए कहा गया। तहरीर बदलवाने के बाद केस दर्ज किया है। इधर, युवती की मां ने बताया कि बेटी अपनी ससुराल तो पहुुंच गई। मगर, वहां पर इस घटना को लेकर उस पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। सोमवार सुबह बेटी ने उन्हें फोन कर इस मामले की जानकारी दी। ससुराली बेटी को ही पूरी घटना का जिम्मेदार मान रहे हैं। अराजकों की इस हरकत से उनकी बेटी की शादीशुदा जिंदगी में खलल पड़ने लगा है।
इनके खिलाफ हुआ मुकदमा
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अस्यौली गांव के निवासी योगेंद्र यादव, अवनेश यादव, दिनेश यादव, जोगेंद्र यादव, हिमांशू, विजय सिंह, अंकित के खिलाफ बलवा, मारपीट आदि की धाराओं में केस दर्ज किया है। तहरीर के आधार पर 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।