मैनपुरी। पिछले चार दिनों से बैंक बंद रहने के चलते जिले में लगभग 100 करोड़ रुपये की क्लीयरेंस अटक गई। वहीं अधिकांश एटीएम में कैश खत्म हो गया। कहीं कैश नहीं का बोर्ड लगाया गया तो कहीं एटीएम के शटर ही बंद कर दिए गए। इससे ग्राहकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। त्योहारी सीजन में बैंकें बंद रहने से लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
इस सप्ताह बैंकों में चार दिन का अवकाश पड़ने के चलते ग्राहकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बैंक में बुधवार को नवमी और गुरुवार को विजय दशमी का अवकाश रहा। शुक्रवार को बैंक शाखा खुलीं भी तो नियमित ढंग से कार्य नहीं हो सका। 24 अक्तूबर को मोहर्रम और 25 को रविवार का अवकाश होने के चलते जिले में लगभग 100 करोड़ रुपये की क्लीयरेंस प्रभावित हुई। सबसे ज्यादा परेशानी बाजार में खरीदारी करने जाने वाले लोगों को हुई। रविवार तक अधिकांश एटीएम में कैश समाप्त हो गया। जिस एटीएम में कैश होने की जानकारी मिलती लोग उसी एटीएम में पहुंच जाते। अधिकांश एटीएम में या तो कैश नहीं का बोर्ड लगा दिया गया या फिर शटर ही बंद कर दिए गए। इससे लोगों को खरीदारी में काफी परेशानी उठानी पड़ी।
बैंक बंद रहने से लगभग 100 करोड़ की क्लीयरेंस अटकी है। वहीं जिले के सभी एटीएम में पर्याप्त कैश लोड करने के निर्देश दिए गए थे। एटीएम बंद नहीं किए जाने चाहिए। सोमवार को बैंक शाखाएं खुलने से ग्राहकों को परेशानी से निजात मिलेगी।
- वीरेंद्र सिंह चौहान, अग्रणी जिला प्रबंधक