मैनपुरी। आयुष विंग के पीछे कूड़ा कचरा जलाने से स्थानीय निवासी परेशान हैं। बुधवार को स्थानीय निवासियों ने डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर स्थानीय निवासियों ने कहा कि वह लोग जिला अस्पताल परिसर में बनी आयुष विंग के पीछे निवास करते हैं। पिछले कुछ माह से कूड़ा कचरा वहां डालकर कर्मचारी आग लगा देते हैं। जिससे प्रदूषित धुआं के साथ ही दुर्गंध से उनका रहना मुश्किल हो रहा है। इससे बीमारियों की संभावना भी बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने पत्र में कहा कि कई बार उन लोगों ने कर्मियों से वहां दूषित कूड़ा न डाले जाने की बात कही। कर्मचारी उनकी बात को नहीं सुन रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने डीएम से जांच कराकर कूड़ा का सही ढंग से निस्तारण कराने की मांग की है। डीएम को प्रार्थना पत्र भेजने वालों में रनवीर सिंह, रतनेश, दिवाकर सिंह, रामसेवक, अरुण कुमार माथुर आदि शामिल थे।