मंडी के एक आढ़तिया का निरस्त लाइसेंस बहाल कराने तथा गेहूं खरीद में कमीशन बढ़ाने के लिए मंडी में आढ़तियों ने शनिवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। निर्णय लिया जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक अनशन जारी रहेगा। आढ़तियों ने मंडी बंद करके छठवें दिन भी गेहूं नहीं खरीदा। इससे मंडी में सन्नाटा पसरा रहा।
गेहूं खरीद का कमीशन बढ़ाने तथा एक आढ़तिया का निरस्त लाइसेंस बहाल किए जाने की मांग को लेकर फूडग्रेन कमीशन एजेंट एसोसिएशन ने शनिवार से मंडी में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। पहले दिन उपदेश यादव, अनुपम कुशवाहा, लक्ष्मीनरायन गुप्ता, अमृत सिंह यादव, सियाराम यादव, रामवीर सिंह, प्रदीप पांडेय, धर्मेंद्र राठौर, रामपाल सिंह, संजय सक्सेना, रामबिहारी यादव क्रमिक अनशन पर बैठे। निर्णय लिया गया मांगें पूरी नहीं होने तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। आढ़तिया का निरस्त लाइसेंस बहाल कराने के लिए हाईकोर्ट में रिट की जाएगी। अनशन स्थल पर हुई बैठक में अध्यक्ष उपदेश यादव ने कहा प्रशासन अब मनमानी पर उतर आया है। आढ़तिया का लाइसेंस निरस्त करना इसी कड़ी में एक कदम है।
महामंत्री अनुपम कुशवाहा ने कहा खरीद पर ढाई प्रतिशत कमीशन नहीं मिलने तक आढ़ती किसी हालत में गेहूं की खरीद नहीं करेंगे। मंडी बंद होने से छठवें दिन भी मंडी में सन्नाटा पसरा रहा। बैठक में हाकिम सिंह, अनूप मिश्रा, सतेंद्र मिश्रा, राजेश यादव, बीनू बंसल, सतीश राजपूत, रामदास यादव, धर्मेंद्र राठौर, मोहित राठौर, नीरज राजपूत, नेमसिंह, घमंडीलाल, संजय भदौरिया आदि मौजूद थे।