जिला अस्पताल में बुखार, उल्टी दस्त और पेटदर्द से पीड़ित रोगियों की संख्या बढ़ रही है। इसी के चलते बुखार से पीड़ित एक और मासूम की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में विभिन्न रोगों से पीड़ित 700 से अधिक रोगी पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में सौ से अधिक रोगी वायरल फीवर और उल्टी दस्त, पेट दर्द से पीड़ित थे।
थाना बिछवां क्षेत्र के ग्राम सैदपुर बघौली निवासी प्रिया (03) को अचानक तेज बुखार आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही रोगियों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सुबह नौ बजे से ही औषधि वितरण काउंटर पर रोगियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। दवा वितरण में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी व्यवस्था संभाले थे। अस्पताल आने वालोें में अधिकांश रोगी उल्टी दस्त और बुखार से पीड़ित थे। सोमवार को अस्पताल पहुंची रामकुमारी ने बताया कि उन्हें पिछले दो दिन से पेट में दर्द हो रहा है। अमित कुमार का कहना था कि उल्टी दस्त होने पर वह उपचार लेने आए हैं।
खानपान में बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के फिजीशियन डाक्टर जेजे राम का कहना है कि इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। दूषित खानपान से पेटदर्द और उल्टी दस्त के रोगी बढ़ रहे हैं। बीमार होने पर कुशल चिकित्सक से खानपान में बदलाव करना चाहिए।