करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के एक गांव की युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी ने यौन शोषण किया। गर्भवती होने पर गर्भपात करा दिया। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी धमकी दे रहा है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि करीब एक साल पहले गांव के ही रहने वाले युवक से बातचीत शुरू हुई। कुछ ही दिनों में उनके बीच प्रेम संबंध हो गए। एक दिन युवक ने कहा कि वह शादी करना चाहता है। उसकी बातों में आकर युवती ने हां कर दी, जिसके बाद से आरोपी लगातार एक साल से यौन शोषण करता आ रहा था। युवती का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती भी हुई, मगर आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। शादी करने के लिए कहा तो आरोपी मना करने लगा, जब दबाव बनाया तो जान से मारने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी विक्रांत गुर्जर ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। सत्यता के आधार पर पुलिस मामले में कार्रवाई करेगी।