फोटो 2 साइबर थाना पुलिस की गिरफ्तार में आया ठग। संवाद
मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के रहने वाले जनसेवा केंद्र संचालक को अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी के आरोपी आगरा के युवक को साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसने फर्जी बेवसाइट बना रखी थी, जिससे ठगी को अंजाम देता था। पुलिस ने कब्जे से नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी सिटी ने सोमवार को कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कुर्रा क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी जनसेवा केंद्र संचालक अमित कुमार ने कुछ दिन पहले शिकायत की थी। बताया कि एक बेवसाइट के जरिए आधार कार्ड में करेक्शन, रुपये आदि की निकासी के बारे में बताया और अधिक मुनाफे का लालच देकर 20 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत पर साइबर सेल के एक्सपर्ट महिपाल भदौरिया, जोगेंद्र चौधरी, सरयू, मनोज कुमार और विपिन कुमार की टीम ने काम शुरू किया। जानकारी पर गढि़या मार्ग से जितेंद्र कुमार निवासी वंशीगोहरा सदर कोतवाली मूल निवासी ईएमई एन्क्लेव मधुनगर थाना सदर बाजार आगरा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ पर उसने बताया कि उसने इसीएल-पे पीवीटी एलटीडी के नाम से एक वेबसाइट प्लेटफार्म जयपुर राजस्थान के पते पर बनाया है। इसके बाद जनसेवा केंद्र संचालकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर एप के जरिए लेनदेन के लिए कहा। तैयार होने वालों को यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिए जाते और फिर इसके जरिए वह जनसेवा केंद्र संचालकों से ठगी करता था। एप के जरिए खाते में आने वाली धनराशि को वह निकाल लेता था।
झारखंड और हरियाणा में भी बनाया शिकार
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा आदि कई राज्यों में करीब 270 से अधिक जनसेवा केंद्र संचालकों को फर्जी कंपनी का यूजर आईडी पासवर्ड उपलब्ध कराया गया है। देश के कई राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। गहनता से जांच की जा रही है, गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी की जा रही है।