उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में जमीन दिलाने के नाम पर कानपुर के रहने वाले एक युवक से करीब 22.60 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। रुपया वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। मुकदमा दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कानपुर के जूही सफेद कालोनी थाना किदवई नगर निवासी पीयूष अग्निहोत्री ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उनका ननिहाल खरसुलिया जनपद एटा में है। अनिल कुमार बालिग निवासी गांव अकबरपुर का ननिहाल में आना जाना था। उसने विश्वास में लेकर बेवर के गांव नगला बरी निवासी राहुल कुमार से मिलाया। दोनों ने साजिश के तहत गांव हसनपुर में एक जमीन को कम कीमत पर बैनामा कराने की बात कही।
कहा कि वह जमीन खरीदने के बाद अधिक रुपये में बिक्री कर लाभ कमा सकता है। इन लोगों की बातों में आकर 7 जुलाई 2021 को एक फर्जी बैनामा के जरिए 22.60 लाख रुपये ले लिए। 2022 में जब दाखिल खारिज की प्रक्रिया शुरू की तो पता चला कि राहुल अपनी सारी जमीन उनके पक्ष में बैनामा करने से पहले ही दूसरों को बेच चुका था।
जानकारी होने के बाद जब अपना रुपया मांगा तो वह लोग टाल मटोल करने लगे। 18 जून 2024 को पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी झगड़ा करने पर आमादा हो गए। उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीयूष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।