थाना किशनी क्षेत्र में घर से खेत पर जा रहे एक वृद्ध की कार की चपेट में आकर मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष किशनी के समझाने पर एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम जटपुरा निवासी मोहम्मद यासीन (52) खेती करते थे। खेत में उनका अमरूद का बाग भी है। मंगलवार को सुबह 9:30 बजे के लगभग वह खेत पर जा रहे थे। गांव के बाहर सड़क पर पहुंचे तभी इटावा की ओर से आ रही वैगनआर कार (संख्या यूपी75एच/3945) के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में यासीन की मौके पर ही मौत हो गई। चालक कार ग्राम खिदरपुर के समीप छोड़कर भाग गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को रखकर गांव के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझा कर एक घंटे बाद जाम खुलवाया। गाड़ी को खिदरपुर से पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।