मैनपुरी। परिवहन निगम की ओर से भीषण गर्मी में यात्रियों के सफर को सुगम बनाने के लिए शुरू की गई मैनपुरी-लखनऊ मार्ग पर संचालित एसी बस 20 दिन में ही खराब हो गई। बस के एसी में से पानी निकलने से यात्रियों को परेशानी हुई तो उसे मरम्मत के लिए भेजा गया। करीब 1 करोड़ रुपये की कीमत की एसी बस का सफर लोग सिर्फ कुछ दिन ही कर पाए।
मैनपुरी डिपो को हाल ही में एक-एक करोड़ रुपये की कीमत की चार वातानुकूलित बसें मिलीं जिनमें से तीन बसों का संचालन दिल्ली के लिए और एक बस का संचालन लखनऊ मार्ग पर किया जा रहा था। करीब 20 दिन पूर्व लखनऊ के लिए संचालित होने वाली एसी बस में पानी टपकने की समस्या सामने आई। जिससे यात्रियों को समस्या हुई इसके बाद बस को मरम्मत के लिए लखनऊ भेज दिया गया। करीब 15 दिनों से मार्ग पर वातानुकूलित बस का संचालन न होने से यात्रियों को दिक्कतें हो रहीं हैं।
डिपो की ओर से पूर्व की तरह लखनऊ मार्ग पर साधारण बस का संचालन शुरू कराया गया है। डिपो के संचालन प्रभारी अनुज दुबे ने बताया कि वातानुकूलित बस को मरम्मत के लिए लखनऊ भेजा गया है। मरम्मत कार्य में 8 से 10 दिन का समय लगा है जिसके चलते लखनऊ के लिए एसी बस के स्थान पर साधारण बस का संचालन शुरू करा दिया गया। उन्होंने बताया कि बस में पानी टपकने की समस्या का समाधान कराया जा चुका है। जल्द ही बस का संचालन लखनऊ मार्ग पर शुरू होगा।