मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला कंचन में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक पत्नी को मायके से बुलाने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जानकारी होने के बाद परिजन, ग्रामीण व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
प्रयास कर रहे लोग भीषण गर्मी में पसीने से तर-बतर हो गए। पुलिस ने पत्नी को बुलाने का भरोसा दिलाया जिसके बाद तीन घंटे से टावर पर चढ़ा युवक नीचे उतरा।
नगला कंचन निवासी टीटू सिंह की पत्नी कुछ माह पहले अपने मायके चली गई। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। पत्नी के मायके चले जाने के बाद टीटू परेशान रहने लगा। वह शराब पीने का आदी है जिस वजह से परिवार के लोग भी उसकी बात को गंभीरता से नहीं ले रहे थे। गुस्से में बृहस्पतिवार सुबह बीटू ने पत्नी को मायके से बुलाने के लिए एक आत्मघाती सोच बनाई और गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। टावर पर चढ़े युवक का कहना था जब तक पत्नी नहीं आएगी वह नीचे नहीं उतरेगा। टीटू के पिता से बात की तो बताया कि टीटू शराब पीने का आदि है। उसकी हरकतों की वजह से पत्नी उसे छोड़ कर मायके चली गई। करीब दो माह पहले दोनों के बीच पंचायत में अलगाव हो गया है। टीटू शराब छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है।
ग्रामीणों, परिजन व पुलिस के काफी समझाने पर भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पत्नी को बुलाने का आश्वासन दिया गया तब टीटू टावर से नीचे उतरा। पुलिस उसे थाने ले गई। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक को थाने ले जाकर समझाया गया है। समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया है।