मैनपुरी। जिला अस्पताल में बुधवार को एक मासूम सहित दो की डायरिया और निमोनिया से मौत हो गई। चिकित्सकों ने 34 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अस्यौली निवासी प्रदीप के तीन दिन के पुत्र की हालत बिगड़ गई। परिवारीजन बच्चे को जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने निमोनिया से गंभीर हालत बताते हुए आपातकालीन कक्ष में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। इसी दौरान बालक की मौत हो गई। थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम हविलिया निवासी किताबश्री (60) पत्नी जिलेदार को उल्टी दस्त होने लगे। परिवारीजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने डायरिया से गंभीर हालत बताई। इलाज के दौरान किताबश्री की मौत हो गई।
जिला अस्पताल में बुधवार को उल्टी दस्त और निमोनिया से पीड़ित 34 रोगी पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया। फिजीशियन डाक्टर जेजेराम का कहना है कि मौसम में बदलाव बीमारियों का कारण है। कई बार झोलाछाप के गलत इलाज से भी रोगियों की हालत बिगड़ जाती है। ऐसे में कुशल चिकित्सक से ही इलाज कराएं।