मैनपुरी/कुरावली। थाना कुरावली क्षेत्र में बुधवार की सुबह साइकिल सवार वृद्ध को रोडवेज बस ने रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य सड़क हादसों में सात लोगों को चोटें आई हैं। दो को गंभीर हालत में परिवारीजन आगरा ले गए हैं।
थाना कुरावली क्षेत्र के जमलापुर निवासी अनोखेलाल (50) जिला एटा के मलावन क्षेत्र में एक ईंट भट्ठा पर मजदूरी करते थे। बुधवार की सुबह पांच बजे साइकिल से वह मजदूरी करने जा रहे थे। कुरावली क्षेत्र में जीटी रोड पर लखौरा के पास कन्नौज डिपो की बस (यूपी30टी/ 7525) ने उन्हें रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस लेकर वहां से भाग गया। जानकारी होते ही परिवार के लोग वहां पहुंच गए। शव देख उनमें कोहराम मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वायरलेस सेट पर बेवर पुलिस को सूचना दी। बेवर पुलिस ने बस को पकड़ लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया है।
थाना कोतवाली के आगरा रोड निवासी प्रेमपाल सिंह यादव मंगलवार रात बाइक से साले देश दीपक निवासी घिरोर के साथ घिरोर जा रहे थे। जरामई के पास ट्रक की चपेट में आने से दोनों को चोटें आईं। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिवारीजन दोनों को आगरा ले गए।
थाना करहल के नगला बांक निवासी ब्रजेश सिंह बुधवार को परिवार की ही प्रीती के साथ बाइक से मैनपुरी जा रहे थे। करहल रोड पर सामने से आई बाइक से उनकी बाइक भिड़ गई। बाइक चालक अनीस निवासी अलीगंज एटा सहित तीनों को चोटें आईं। बेवर के फर्रुखाबाद रोड निवासी अहिवरन सिंह बाइक से मंगलवार रात चचेरे भाई प्रेमवीर के साथ फर्रुखाबाद जा रहे थे। बेवर क्षेत्र में काली नदी पुल के पास जीप की टक्कर से दोनों को चोटें आईं। परिवारीजन उनको इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले गए।