किशनी। फेरे के समय दूल्हे की कम उम्र होने की बात कहकर दुल्हन ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। काफी देर तक चली पंचायत के बाद भी दुल्हन नहीं मानी तो दूल्हा पक्ष ने शादी के दौरान मिले सारे सामान के रुपये वापस कर दिए। बाद में उसी गांव की दूसरी लड़की के साथ शादी कराई गई।
थाना क्षेत्र के हिंदूपुर समान निवासी कैलाश चंद्र बहेलिया की पुत्री आरती की बारात बुधवार की शाम आई थी। बारात लेकर आए दूल्हा ओमकार के साथ शादी की अधिकांश रस्में रात में पूरी कर ली गईं। गुरुवार की सुबह फेरे के समय आरती ने ओमकार के साथ फेरे लेने से मना कर दिया। उसका कहना था कि दूल्हा की उम्र उससे काफी कम है। यह सुनकर दोनों पक्षों में तनाव हो गया। काफी देर तक चली पंचायत के बाद भी दुल्हन तैयार नहीं हुई।
शादी तय करते समय कैलाश ने खरीदी गई बाइक का रजिस्ट्रेशन ओमकार के नाम करा दिया था। पंचायत में तय हुआ कि ओमकार के पिता छोटेलाल शादी के दौरान किया गया पूरा खर्चा वापस करेंगे। छोटेलाल ने पंचायत के बाद तय हुआ पूरा रुपया वापस कर दिया। इसी बीच गांव के हरिकृष्ण ने अपनी पुत्री आरती देवी के साथ ओमकार की शादी करने का निर्णय ले लिया।
बारात में लाए गए बैंडबाजों के साथ गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे ओमकार बारात लेकर हरिकृष्ण के दरवाजे पर पहुंचा। वहां आनन-फानन में शादी की सारी रस्में पूरी की गईं। शाम पांच बजे ओमकार दुल्हन को साथ लेकर गांव चला गया। एक ही गांव में एक लड़की द्वारा फेरे लेने से इनकार करने और दूसरी लड़की के साथ शादी होने की बात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।