मैनपुरी। दिल्ली में गैंगरेप की घटना के बाद महाविद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारी गंभीर हैं। छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए सभी महाविद्यालयों में नोटिस बोर्ड के पास पुलिस अधिकारियों, महाविद्यालय के प्राचार्य और प्रबंधक के मोबाइल नंबर लिखे जाएंगे।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी डा. चमनलाल ने पत्र भेजकर जिले के सभी शासकीय, सहायता प्राप्त अशासकीय तथा स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्रबंधकों को छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि महाविद्यालयों में छात्राओं और महिलाओं का उत्पीड़न रोकने के लिए कार्रवाई की जाए। नोटिस बोर्ड के पास दीवार पर एक मीटर बाल पेंट बेस पर काले रंग से छेड़खानी एवं उत्पीड़न रोकने के बारे में जानकारी दी जाए। इसके साथ ही बोर्ड पर महाविद्यालय के प्रबंधक, प्राचार्य का मोबाइल नंबर और लैंड लाइन नंबर अंकित कराएं। क्षेत्र के थानाध्यक्ष, सीओ, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक का नाम, पदनाम और फोन नंबर तत्काल लिखवाना सुनिश्चित करें। इसकी सूचना फोटोग्राफ सहित उच्च शिक्षा निदेशालय और क्षेत्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।