मैनपुरी। ओवर लोडिंग के कारण नगर में लगे चार विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गए। एक ट्रांसफार्मर में लगी आग को दमकल ने बुझाया। जानकारी होने पर संबंधित अवर अभियंता मौके पर पहुंचे। ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों को दिनभर बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह सात बजे नगर के आगरा बाईपास रोड पर रखे 400 केवी के ट्रांसफार्मर के पहले फ्यूज उड़ गए। उपभोक्ताओं की शिकायत पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने फेस सही किए। कुछ ही देर में तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर फुंक गया। आगरा रोड पर ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी मिली इसी मध्य दस बजे के लगभग राधारमन रोड पर रंगोली मंडप के समीप रखा 100 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। विद्युत अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू न होने पर दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। कुछ ही देर में महमूद नगर में रखा 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया। विद्युत अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर चेक किया। ट्रांसफार्मर फुंका हुआ था। विद्युत अधिकारी महमूद नगर में थे तभी ज्योंती रोड स्थित मोहल्ला बनर्जी नगर के सामने रखा 25 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। नगर क्षेत्र में जहां एक दिन में चार ट्रांसफार्मर फुंकने से पूरे दिन विद्युत अधिकारी चकरघिन्नी बने रहे। वहीं नगर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति पूरे दिन ठप बनी रही।
000
22 घंटे आपूर्ति रही ठप
उपकेंद्र दन्नाहार में शुक्रवार की रात करीब साढ़े सात बजे 33 केवी का केबल बक्सा शार्ट हो गया। इस कारण क्षेत्र के लगभग 200 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। शनिवार को भी पूरे दिन लोगों को बिजली के दर्शन नहीं हो सके। पूरे दिन अभियंता बक्सा सही करने में जुटे रहे और शाम करीब पांच बजे बक्सा ठीक किया जा सका। करीब 22 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हुई।
000
11.50 लाख का हुआ नुकसान
एक दिन में चार ट्रांसफार्मर फुंकने से विभाग को लगभग 11.50 लाख का नुकसान हुआ है। अधिशासी अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग से फुंके हैं। शीघ्र ही विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।