जिले में 74415 बीपीएल कार्ड धारकों को पीएम की उज्जवला योजना का लाभ मिलेगा। यह लाभ नए गैस कनेक्शन लेने पर ही मिल सकेगा। जिले में 120309 परिवारों के पास बीपीएल और अंत्योदय गैस कनेक्शन हैं।
पूर्व में पेट्रोलियम मंत्रालय बीपीएल और अंत्योदय कार्ड धारकों को 1600 रुपये जमा करने पर सब्सिडी पर गैस कनेक्शन जारी करता था। दो माह पूर्व यह योजना बंद कर दी गई थी। सोमवार को प्रधानमंत्री ने बीपीएल कार्ड धारकों के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की है। इसके तहत उक्त कार्डधारकों को सरकार निशुल्क गैस कनेक्शन देगी। कनेक्शन लेने के लिए पात्रों को कोई भी सिक्योरिटी मनी जमा नहीं करने पड़ेगी। इसके साथ ही पहला गैस सिलेंडर निशुल्क दिया जाएगा।
आलीपुरखेड़ा में इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक संतप्रकाश स्वर्णकार ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थी को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं कनेक्शन के साथ दिए ]
जाने वाले चूल्हा, रेग्यूलेटर का भी पैसा नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामान का पैसा कंपनी सब्सिडी की राशि में से वसूल करेगी। प्रबंधक ने बताया गैस एजेंसी पर सोमवार से ही योजना की शुरुआत हो गई है।