किशनी। थाना पुलिस ने रविवार रात खिदरपुर बॉर्डर के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से करीब 62 किलो गांजा बरामद किया चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि वह ओडिशा से मादक पदार्थ लेकर एटा जा रहा था।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह को सूचना मिली कि एक ट्रक में मादक पदार्थ तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ने टीम के साथ इटावा बेवर मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। खिदरपुर बॉर्डर के पास संदिग्ध ट्रक को रोका तो चालक उतर कर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम गौरव प्रताप सिंह निवासी गांव ओखरा थाना नारखी जनपद फिरोजाबाद बताया। पुलिस ने जब ट्रक में तलाशी ली, तो एक गुप्त केबिन मिला जिसमें कई पैकेट बरामद हुए। खोल कर देखा तो उसमें गांजा भरा था।
चालक ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर आया है इसे वह एटा लेकर जा रहा था। एसपी सिटी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक तस्कर भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए चालक से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये के करीब है। तस्कर को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया।