करहल। थाना क्षेत्र के गांव गोंदई निवासी 25 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह घर के बरामदे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने परिजन से जानकारी ली। पिता ने बताया कि एक माह पहले पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। जिस वजह से युवक परेशान था। पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव गोंदई के रहने वाले 25 वर्षीय सोनू जाटव की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। एक माह पहले किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी तीन साल के पुत्र को साथ लेकर मायके चली गई। सोनू ने पत्नी को वापस लाने के लिए कई बार प्रयास किए मगर पत्नी घर लौट कर नहीं आई। पत्नी के घर न आने से सोनू मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
रविवार रात को किसी समय सोनू ने घर के बरामदे में लगे कुंडे में चुनरी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सोमवार सुबह जानकारी होने के बाद घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि संभवत: खुदकुशी की यही वजह रही होगी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। जिसके बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।