विकलांग जन विकास कार्यालय के तत्वावधान में रविवार को जिला अस्पताल में पोलियो करेक्टिव सर्जरी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिल्ली से आई चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगों का परीक्षण किया था। 200 दिव्यांग परीक्षण कराने पहुंचे। इसमें से 51 का निशुल्क आपरेशन किया गया।
विकलांग जन विकास अधिकारी गनेश प्रसाद और समेकित शिक्षा के डीसी रणधीर बहादुर के नेतृत्व में चयनित 51 पोलियो पीड़ित बच्चों के पैरों का ऑपरेशन किया गया। डीसी रणधीर बहादुर ने कहा कि दिव्यांगों को उनके पैरों पर चलने लायक बनाना बेहतर काम है।
शिविर में दिल्ली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय विकलांग जन संस्थान के डा. अरुण जैन के नेतृत्व में पहुंची आठ सदस्यीय टीम ने दिव्यांगों का परीक्षण किया। इस मौके पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. अशोक कुमार, सर्जन डा. गौरव पारिख, ओटी इंचार्ज महेंद्र सिंह, सरोज चौहान, मनोज दुबे, महेंद्र राठौर, विवेक दीक्षित, रंजीत सिंह, संतोष कुमार, डा. अरविंद जनार्दन आदि मौजूद रहे।