कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग ने गुरुवार देर शाम आगरा रोड स्थित गिहार कालोनी में छापा मारा। यहां पर बड़ी मात्रा में देशी शराब बनती हुई मिली। आबकारी विभाग ने मौके पर 27 लोगों को पकड़ा। बाद में सभी को चालान काट छोड़ दिया। इस दौरान मौके पर 15 सौ लीटर देशी शराब और 1200 कुंतल लहन मिला। अधिकारियों ने सभी को नष्ट करा दिया।
गुरुवार को आबकारी अधिकारी एसके सोनकर के नेतृत्व में आगरा रोड स्थित मंडी के सामने गिहार कालोनी में छापा मारा। इस दौरान थाना कोतवाली पुलिस और पीएसी भी मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई शाम चार बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चली। अधिकारियों को 1500 लीटर अवैध देशी शराब मिली। इसके अलावा मौके पर 1200 कुंतल लहन मिला। अधिकारियों ने बरामद शराब और लहन को नष्ट कर दिया। वहीं ड्रम और भट्टियों को तोड़ दिया। आबकारी अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 27 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में सभी को चालान काट कर निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड के सामने और शहर के बाहरी इलाकों में मौजूद गिहार कालोनियों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जाती है। इसकी खपत शहर के गरीब बस्तियों के अलावा देहात क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जाती है। आबकारी अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई डीएम एसपी मिश्रा और एसपी श्रीकांत सिंह के निर्देश पर की गई। कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी बीपी सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली के अलावा पुलिस फोर्स-पीएसी मौजूद रही।