मैनपुरी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ा रहे बीएड डिग्री धारक शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग छह महीने का ब्रिज कोर्स कराएगा। यह कोर्स राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से ऑनलाइन कराया जाएगा। जिले में बीएड की डिग्री हासिल कर शिक्षक बनने वाले 1005 शिक्षक इस दायरे में आ रहे हैं। बीएसए दीपिका गुप्ता ने संबंधित शिक्षकों को ब्रिज कोर्स के लिए 25 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने बताया कि बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने निर्देश जारी करके बीएड योग्यता धारी शिक्षकों को ब्रिज कोर्स कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बीएड योग्यता धारी शिक्षकों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से छह महीने का ब्रिज कोर्स ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग विधि से कराया जा रहा है। यह भी बताया कि ब्रिज कोर्स को निर्धारित समय पर पूरा नहीं करने वाले बीएड योग्यता धारी शिक्षकों की नियुक्ति को अमान्य कर दिया जाएगा। बीएसए ने बताया कि बेसिक शिक्षा निदेशक ने निर्देश दिया है कि न्यायालय में दिए गए निर्देश के क्रम में शासन की ओर से दिए जाने वाला शपथ पत्र भी जल्द संबंधित शिक्षक उपलब्ध कराएंगे।