अजनर (महोबा)। कस्बा अजनर में चल रहे एपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। जिसमें यदुवंशी क्लब ने दीपक ट्रेडर्स को दो विकेट से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अजनर खेल मैदान में एपीएल टूर्नामेंट के फाइनल में दीपक ट्रेडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 12 ओवर के मुकाबले में टीम ने नौ विकेट खोकर 78 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यदुवंशी क्लब की शुरुआत खराब रही और शुरुआती दौर में चार विकेट गिर गए। इसके बाद टीम ने साझेदारी कर 11.2 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जिससे यदुवंशी क्लब दो विकेट से विजेता बना। 31 रन बनाने वाले रमाकांत को मैन ऑफ द मैच व पूरे मैच में 257 रन बनाने वाले शिवम यादव को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला।
सीरीज में सर्वाधिक 30 विकेट लेने वाले बीके राजपूत को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के खिताब से नवाजा गया। मैच में अंपायर की भूमिका देवेंद्र यादव और महेंद्र राजपूत ने निभाई जबकि बल्लू स्कोरर रहे। समापन पर वीर बुंदेली संस्थान ललितपुर के संस्थापक अरविंद राजा, पवन राजपूत व ग्राम प्रधान नन्हे राम अनुरागी ने विजेता और उप विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर समाजसेवी संतोष राजपूत, अभिजीत सिंह, प्रशांत तोमर, सोनू सेठ, दीपक, मो. माजिद, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।