कोतवाली क्षेत्र के बिलवई गांव में ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से सड़क में बड़े बड़े गड्ढ़े हो गए है। बारिश के चलते इनमें पानी भर जाने से सड़क से ट्रक निकलते ही महिलाएं व ग्रामीण कीचड़ से सराबोर हो जाते है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की रात बिलवई मार्ग में जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क से निकले ट्रकों में पथराव कर शीशे फोड़ दिए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों ने समझाकर शांत कराया। बुधवार की सुबह आधा सैकड़ा से अधिक लामबंद महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायती पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की।
बिलवई मार्ग पर मंगलवार की रात आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों व महिलाओं ने जाम लगाकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। बारिश के मौसम में सड़क से गुजरना मुश्किल है। ऐसे में पहाड़ से पत्थर लादकर निकलने वाले ओवरलोड ट्रकों से ग्रामीण परेशान है। जाम के दौरान निकल रहे तीन ट्रकों पर पथराव कर दिया, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही सीओ सदर जितेंद्र कुमार दुबे व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब दो घंटे जाम लगा रहा।
बुधवार सुबह बिलवई गांव की शांति, कैलाश, देवकी, वती, विदेश, कपूरी, साधना, हरकुंअर, रामरती समेत आधा सैकड़ा से अधिक महिलाओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। बारिश के बीच पानी में भीगती पहुंची महिलाओं ने जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह को शिकातयी पत्र सौंपा। जिसमें सड़क का निर्माण कराकर ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही बंद कराए जाने की मंाग की है।
ताकि बारिश के मौसम में ग्रामीणों को दिक्कत न हो। डीएम ने समस्या का समाधान कराए जाने का भरोसा दिया है।
कबरई महोबा। डहर्रा रेलवे क्रासिंग और झांसी मिर्जापुर हाइवे के बीच बनी बस्ती की सड़क लेविल से नीचे होने के कारण ग्रामीणों के घरों में बारिश का पानी घुस रहा है। जिससे नाराज ग्रामीणों ने डहर्रा पत्थर मंडी को जाने वाली सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक तीन घंटे यातायात ठप रहने से डहर्रा मंडी तक जाने वाले डंपरों की लंबी लाइन लग गई। थानाध्यक्ष कबरई बलजीत सिंह ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।