महोबा। थाना महोबकंठ के धरवार गांव में महिला का साड़ी के फंदे पर शव लटकता मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के भाई ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजनों पर प्रताड़ना व गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धरवार गांव निवासी मधुर अहिरवार की पत्नी ज्योति का शव शनिवार को मकान के कमरे में साड़ी के फंदे पर लटकता मिला था। घटना के समय परिजन खेत में होने की बात कह रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए मायके पक्ष को भी सूचना दी थी। बहन की मौत की सूचना पर आए भाई नीरज ने ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। भाई का कहना है कि बहनोई नीरज जुआ-शराब का लती है। आएदिन ससुराल से रुपये लेने की बात करता था। आरोप लगाया कि उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई और शव को फंदे पर लटकाया गया। उधर, मृतका के पति का कहना है कि घटना के समय पूरा परिवार खेत पर काम करने गया था। किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सरोज का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।