कुलपहाड़ (महोबा)। गौतमबुद्ध नगर नोएडा में महोबा निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन शव को निजी वाहन से कुलपहाड़ स्थित घर लाए। मृतका के पिता ने पति पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
बांदा निवासी पिता सुमेरा अनुरागी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सुमन (35) की शादी वर्ष 2014 में देवीप्रसाद से हुई थी। शादी के बाद सुमन ने चार बेटियों को जन्म दिया, जिनमें सबसे छोटी नित्या सात माह की है। पिता सुमेरा अनुरागी का आरोप है कि बेटा न होने पर सुमन को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। 2 जुलाई को सुमन पति के साथ गौतमबुद्ध नगर नोएडा गई थी। वहां दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे और किराए के कमरे में रहते थे। 16 जुलाई की रात पति किराये की कार से सुमन का शव लेकर कुलपहाड़ आया। मृतका के पिता ने बेटा न होने के कारण सुमन की हत्या का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना दूसरे जनपद की है। परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पति को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।