महोबा। मध्यप्रदेश में हो रही बारिश और टीकमगढ़ जिले के बानसुजारा बांध से छोड़ा गया पानी आने से लहचूरा बांध का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया।
इससे लहचूरा बांध के दो गेट खोलकर 24 घंटे में 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाके में अलर्ट जारी किया गया है।
जनपद टीकमगढ़ के बानसुजारा बांध से बृहस्पतिवार की रात 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। यह पानी धसान नदी से शुक्रवार को लहचूरा बांध पहुंचा। इससे लहचूरा बांध में भंडारण क्षमता से अधिक पानी आ गया।
हालात को देखते हुए सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लहचूरा बांध के दो फाटक खोलकर 10 हजार क्यूसेक पानी को डिस्चार्ज किया।
लहचूरा बांध के जेई रामआसरे यादव ने बताया कि एमपी से पानी आने के चलते बांध में ज्यादा पानी हो गया। दो-दो घंटे के अंतराल में लहचूरा बांध का जलस्तर नापा जा रहा और इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। बांध के जलस्तर पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है।