राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रविवार को छात्राें ने जागरूकता रैली निकालकर लोगाें को मतदान के प्रति जागरूक किया। एडीएम सुरेंद्र कुमार ने तहसील परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना कराया। कर्मचारियाें और छात्राें को मतदान की शपथ भी दिलाई गई।
एडीएम के नेतृत्व में निकाली गई रैली तहसील चौराहा से कोतवाली रोड, छजमनपुरा, मुख्य बाजार, शारदा मंदिर, डीएवी इंटर कॉलेज, आल्हा चौक होकर पुन: तहसील पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें जागो रे जागो देश के मतदाता... की धुन बज रही थी। रैली में छात्रों ने पहले मतदान बाद में जलपान का नारा लगाया। तहसील में एडीएम ने कर्मचारियों को और एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने छात्राें को मतदान की शपथ दिलाई।
एसडीएम ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में मतदान कर शामिल होना हमारा अधिकार और कर्तव्य है। देश का जिम्मेदार नागरिक होने के कारण हमें पहले मतदान करना चाहिए। मौके पर डीआईओएस मंशाराम पटेल, तहसीलदार गुलाब सिंह राजपूत, नायब तहसीलदार कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी ने भी विचार व्यक्त किए। कई विद्यालयों के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
उधर कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार तहसील परिसर से एसडीएम मोहम्मद रिजवान ने मतदाता जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली मुख्य मार्गों से होकर तहसील पहुंचकर समाप्त हो गई। यहां भी मतदान को जागरूकता की शपथ दिलाई गई। मौके पर तहसीलदार रामजी, अधिशासी अधिकारी राजकुमार उपाध्याय, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी वीके महान, जयनारायण द्विवेदी, मोहम्मद शाकिर खान, बीआरसी रमेश सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
पनवाड़ी प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व माध्यमिक विद्यालय अलीपुरा से बीडीओ आदित्य पांडेय एवं नेहरू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवीदीन अनुरागी ने रैली को रवाना किया। जो मुख्य बाजार से होकर बस स्टैंड स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। मौके पर बीआरसी उमाशंकर कौशिक, एनपीआरसी धनीराम वर्मा, अनिल नायक, मनोज राजपूत आदि मौजूद रहे।
उधर श्रीनगर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नए मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई गई। नई मतदाता सूची में दर्ज उनके नाम पढ़कर सुनाए गए। बीएलओ उमाकांत नामदेव ने उन्हें मतदान का संकल्प दिलाया। मौके पर मोहित यादव, संध्या नामदेव, श्यामबाबू सोनी, मनीष तिवारी, भुमानीदीन कुशवाहा आदि मौजूद रहे।