कबरई (महोबा)। बोर्ड परीक्षाओं के बीच कस्बे का विशाल नगर मोहल्ला पिछले 20 दिन से अंधेरे में डूबा है। फुंकने के बाद ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया। इससे मोहल्लेवासी परेशान हैं। लोगों ने मामले की शिकायत डीएम से करते हुए समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
कस्बे के विशाल नगर मोहल्ले में 20 दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया था। तभी से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ऐसे में 65 बिजली कनेक्शनधारक परिवार अंधेरे और गर्मी में रहने को मजबूर हैं। देवीदयाल, संतोष वर्मा, विंदादीन कुशवाहा, एहसान अली, धर्मेंद्र वर्मा, सत्तीदीन अहिरवार, लाला, कमतू, विश्वनाथ, रामसेवक, चंद्रभान, कोमल अनुरागी आदि मोहल्लेवासियों ने बताया कि बीस दिन पहले फुंके ट्रांसफार्मर को बिजली निगम के कर्मचारी उतारकर ले गए थे। इसके बाद से अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। इससे पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित है। लोगों का कहना है कि इस समय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं। बिजली आपूर्ति के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। गर्मी और अंधेरे से लोग परेशान हैं। उन्होंने डीएम गजल भारद्वाज से नया ट्रांसफार्मर रखवाते हुए बिजली आपूर्ति बहाल कराए जाने की मांग की है।