कबरई (महोबा)। कबरई-कुन्हेटा मार्ग में 500 मीटर रोड का निर्माण न कराए जाने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क के बीचोंबीच बैठकर जाम लगा दिया। जाम के चलते वाहनों का आवागमन ठप हो गया। तमाम डंपर और ट्रक जाम में फंस गए। बाद में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन के आश्वासन और पुलिस के समझाने के बाद करीब चार बजे जाम खुला।
गौरतलब है कि कबरई से कुन्हेटा तक 33 किमी सड़क का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था लोक निर्माण ने शाहजहांपुर की कंपनी को दिया था। कंपनी ने करीब साढ़े 32 किमी रोड का दोनों तरफ निर्माण करा दिया लेकिन पशु अस्पताल से पांचपहाड़ी तक करीब आधा किमी बीच में सड़क का निर्माण नहीं कराया। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अफसरों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का निराकरण न होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को कबरई-कुन्हेटा मार्ग में बैठकर दिन में दो बजे जाम लगा दिया।
दोपहर दो से चार बजे तक जाम लगा रहने से तमाम वाहन जाम में फंस गए, जिसके लोगों को खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियांता बीबी अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदार की सिक्योरिटी जब्त कर उसी पैसे से दूसरे ठेकेदार से छूटी हुई शेष सड़क का निर्माण कराया जाएगा और ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा। एक्सईएन के आश्वासन और पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।