चरखारी (महोबा)। चरखारी-रिवई मार्ग में संतोषपुरा के समीप तालाब के बंधान में चढ़ाव के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने से एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
रिवई गांव निवासी कल्लू (50) अपने चार साथियों के साथ टैक्टर लेकर घर लौट रहा था। तभी संतोषपुरा मार्ग में स्थित तालाब के बंधान में ट्रैक्टर चढ़ाते समय चालक संतुलन खो बैठा। जिससे ट्रैक्टर गहरी खदान में पलट गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर में दबे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सीएचसी चरखारी पहुंचाया गया। जहां कल्लू की मौत हो गई जबकि अन्य घायल बलराम अवस्थी, उसकी मां सावित्री, इंद्रपाल व शिवम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।