महोबा। बीमारी से पिता की मौत होने पर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बाइक से घर आते समय कस्बा कबरई के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की जान चली गई। एक साथ दो अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम छा गया।
थाना खरेला के पुपवारा गांव निवासी मोतीलाल (75) की बुधवार की शाम बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पिता की मौत की सूचना पर गुरुवार की सुबह मध्यप्रदेश के गहवरा गांव में रह रहा पुत्र जयनारायण (30) बाइक से घर आ रहा था। तभी कस्बा कबरई के समीप जयनारायण सड़क किनारे बाइक खड़ी कर लघुशंका करने लगा। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारकर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो पिता-पुत्र की एक साथ अर्थी देखकर लोगों के आंसू नहीं रुके। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। (संवाद)