फोटो 26 एमएएचपी 15 परिचय-हाईवे पर कबरई से गुजरते ट्रक में आगे लिखा यादव कंस्ट्रक्शन। संवाद
महोबा/कबरई। शासन के आदेश के बाद भी जिले में हाईवे से लेकर चौराहे तक जाति लिखे हल्के व भारी वाहन नजर आ रहे हैं। जिले की पत्थरमंडी कबरई में सड़क से गुजरने वाले हर पांचवें ट्रक और डंपर में जाति लिखी है। ऐसे वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से उनके हौंसले बुलंद हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिन पहले ही आदेश जारी किया है कि किसी भी वाहन पर नंबर प्लेट अथवा अन्य किसी स्थान पर जाति विशेष न अंकित हो लेकिन इसका कोई ठोस असर नहीं दिख रहा है। शहर से लेकर पत्थरमंडी कबरई तक ऐसे वाहनों की भरमार है, जिनमें यादव, पांडेय, ठाकुर साहब आदि लिखा है। इन वाहनों में सबसे अधिक ट्रक व डंपर हैं। जो पत्थरमंडी कबरई गिट्टी लेने आते हैं। बताया जाता है कि इन वाहनों पर अंकित जाति ही इनका टोकन होती है, जिन्हें पढ़कर कोई पुलिसकर्मी इनका रास्ता नहीं रोकता। साथ ही बसों और ई-रिक्शों पर रौब जमाने के लिए जातियां अंकित हैं। दोपहिया वाहन भी इनमें पीछे नहीं है। यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि जाति लिखे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
जाति लिखे छह वाहनों के खिलाफ हुई कार्रवाई
महोबा। पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न चौराहों में वाहनों की जांच की। यातायात प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में चले चेकिंग अभियान में छह वाहन ऐसे मिले, जिनमें जातियां अंकित थीं, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी ने बताया कि इसके अलावा काली फिल्म लगी व सीमा से अधिक सवारियां भरने वाले ऑटो और क्रूजर के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।