घटनास्थल पर सीओ को निर्देश देतीं एसपी सुधा सिंह
- फोटो : amar ujala
यूपी के महोबा जिले में कुलपहाड़ कस्बे के कठबरिया मोहल्ले में शुक्रवार की रात तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या और मां के भी फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
डॉग स्क्वॉड ने भी हत्यारों की तलाश में खोजबीन की। सूचना पर पहुंची एसपी सुधा सिंह, सीओ तेज बहादुर सिंह और एसडीएम स्वेता पांडे ने परिजनों से पूछताछ की। उधर, महिला के भाई ने बहनोई का एक महिला से अवैध संबंध होने की बात कही है।
अभी तक किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। कठबरिया मोहल्ले के कल्याण सिंह यादव खेतीबाड़ी करता है। शुक्रवार की रात वह फसल की सिंचाई के लिए खेत गया था, जबकि पत्नी सोनम (35), पुत्र विशाल (11), पुत्री आरती (9) और अंजलि (7) घर पर थे।
शनिवार की सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो अंदर से कुंडी बंद होने पर आवाज दी, लेकिन कोई आहट न मिलने पर कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। कमरे में तीनों बच्चों के खून से लथपथ शव पड़े थे और सोनम फंदे से लटक रही थी।