मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया
- फोटो : amar ujala
महोबा में कानपुर-सागर हाईवे पर गुगौरा चौकी के समीप तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे में प्रयागराज से अस्थि विसर्जन कर लौट रहे एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बोलेरो में फंसे घायलों को पुलिस की मदद से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक महिला की हालत गंभीर बनी है।
दुर्घटना में बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। टीकमगढ़ जिले के जतारा गांव निवासी भगवानदास (80) का 21 मई को बीमारी के चलते निधन हो गया था। पिता की अस्थियां लेकर पुत्र मनोहर पूरे परिवार के साथ प्रयागराज गया था। गुुुरुवार की दोपहर एक बजे अस्थियां विसर्जित कर सभी लोग वापस लौट रहे थे।
तभी बोलेरो कार हाईवे में गुगौरा चौकी के समीप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर एकत्र हुए राहगीरों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। बाद में सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में मनोहर (45), उसकी पत्नी रामरती (40), पुत्र किशनलाल (20), छोटा भाई हरगोविंद (40) व खुन्नीलाल(35), उसकी पत्नी दीपा (35), पुत्र प्रशांत (05) व प्रियांश (03), मां सहोदरा (75), चालक नारायणदास (45), लक्ष्मी (55) और प्यारेलाल (42) शामिल हैं। जिनमें से रामरती की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना की सूचना पर रिश्तेदारों की अस्पताल में भीड़ जुट गई। अस्पताल प्रशासन ने घायलों को लाने के लिए तीन एंबुलेंस लगाई और डॉक्टरों व कर्मचारियों की टीम लगाकर घायलों का उपचार कराया।